छत्तीसगढ़ से बनारस जा रही बस गिरी 100 फीट नीचे : 12 साल की बच्ची सहित 3 की मौत, 44 घायल, 5 की हालत गंभीर


Chhattisgarh:
छत्तीसगढ़ से उत्तर प्रदेश के लिए निकली एक और बस हादसे का शिकार हो गई। मध्य प्रदेश के शहडोल के पतखई घाट में बस अनियंत्रित होकर 100 फीट नीचे गिर गई। हादसे में 12 साल की बच्ची सहित 3 लोगों की मौत हुई है। जबकि 44 से ज्यादा घायल हैं। इनमें 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, कवर्धा से भोरमदेव ट्रेवेल्स की बस शनिवार रात बनारस के लिए निकली थी। रात करीब 12.30 बजे बस शहडोल में सिंहपुर थाना क्षेत्र के पतखई घाट पहुंची थी कि अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। इस दौरान वहां से निकल रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आने के बाद बचाव कार्य शुरू किया गया।


ज्यादा लोग करते थे गुड़ की फैक्ट्री में काम: हादसे में मौके पर ही कवर्धा के कोसमतरा निवासी 12 साल की बच्ची माहिमा कश्यप पुत्री मनीराम कश्यप, कवर्धा निवासी UP के शाहजहांपुर निवासी निवासी नादिर खान (25) और पारस तेली (55) पिता कुंजराम तेली की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि बस में ज्यादातर छत्तीसगढ़ की गुड़ फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर थे। यह भी सामने आ रहा है कि बस पहली बार सफर पर निकली थी। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।


करीब 5 घंटे तक चला रेस्क्यू: घटना की जानकारी लगते ही सिंहपुर थाना पुलिस दल-बल सहित घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने सुबह 5 बजे तक रेस्क्यू कर घायलों को खाई से निकाला और इलाज के लिए भेजा। सिंहपुर थाने के TI रामेश्वर उईके, SI अरविंद दुबे, राजेंद्र तिवारी, सत्यनारायण पांडेय, देवेंद्र पांडेय, विद्या, राम शिरोमणि, आलोक, मनीष मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ