दिख रही है तीसरी लहर की संभावना : देखिए किन जिलों में बढ़ रहा खतरा


रायपुर
: छत्तीसगढ़ में कोरोना का संक्रमण उन इलाकों में फिर बढ़ रहा है, जो पहली और दूसरी लहर से सर्वाधिक प्रभावित रहे। स्वास्थ्य विभाग की शुक्रवार को आई रिपोर्ट के मुताबिक, बस्तर क्षेत्र में नए मरीजों के मिलने की संख्या अपेक्षाकृत कम हुई है। इसी बीच दुर्ग, राजनांदगांव और बिलासपुर में संक्रमण बढ़ा है। आंकड़ों की बात करें तो 43562 नमूनों की जांच हुई। इस दौरान कुल 312 लोग संक्रमित पाए गए। इनमें सर्वाधिक 32 लोग जांजगीर-चांपा जिले में मिले हैं। उसके ठीक बाद दुर्ग जिले का नंबर है जहां 31 मरीज मिले।

पिछले दो दिनों में राजनांदगांव जिले की रिपोर्ट भी चिंता बढ़ाने वाली है। यहां शुक्रवार को 6 मरीज मिले, जबकि गुरुवार को यहां 35 नए मरीज सामने आए थे। यह सभी मरीज पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय के परिसर में ही मिले। ऐसा होने से पहले तक मरीजों की संख्या 0 से 2 के बीच थी। 14 जुलाई को जिले में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 31 बची थी। आज वहां 64 मरीज हो गए हैं। बिलासपुर जिले में शुक्रवार को 25 नए संक्रमित मिले। गुरुवार को यह संख्या 14 थी। यही हाल धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार, रायगढ़, कोरबा और जशपुर जिलों का भी है।

बस्तर संभाग के जिलों में ऐसा है हाल
बस्तर संभाग के चार जिलों में दूसरी लहर का प्रभाव कम होने के बाद संक्रमण दर बढ़ी थी। उनमें सर्वाधिक प्रभावित बीजापुर जिले में शुक्रवार को 11 मरीज मिले। गुरुवार को यहां 15 मरीज मिले थे। सुकमा में गुरुवार को 31 लेकिन शुक्रवार को 22 मरीज मिले। बस्तर जिले में गुरुवार और शुक्रवार दोनों दिन 20-20 मरीज ही मिले। कोण्डागांव जिले में गुरुवार को मिले 17 की तुलना में शुक्रवार को 11 मरीज मिले, वहीं दंतेवाड़ा में पहले मिले 7 की तुलना में केवल 4 लोग पॉजिटिव पाए गए। नारायणपुर में शुक्रवार को 8 मरीज मिले, जबकि गुरुवार को नए मरीजों की संख्या महज 4 थी।

तीन मरीजों की मौत हुई, अब तक 13489 की जान गई
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक शुक्रवार को प्रदेश भर में तीन मरीजों की मौत हुई है। इनमें से दो मौतें सुकमा जिले में और एक राजनांदगांव जिले में दर्ज हुई हैं। इनको मिलाकर प्रदेश में कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 13 हजार 489 हाे गई है। कोरोना से अभी तक 9 लाख 99 हजार 462 लोग संक्रमित हो चुके हैं। उनमें से 9 लाख 82 हजार 003 लोग ठीक हुए। प्रदेश भर में अभी 3 हजार 967 मरीजों का उपचार जारी है।

19.36 लाख लोगों को लग चुका सुरक्षा टीका
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में कोरोना से बचाव के लिए 15 जुलाई तक 1 करोड़ 9 लाख 7 हजार 690 टीके लगाए गए हैं। प्रदेश के 89 लाख 71 हजार 663 लोगों को इसका पहला टीका और 19 लाख 36 हजार 027 को दोनों टीके लगाए जा चुके हैं। प्रदेश में 3 लाख 8 हजार 846 स्वास्थ्य कर्मियों, 3 लाख 16 हजार 429 फ्रंटलाइन वर्कर्स, 45 वर्ष से अधिक के 49 लाख 96 हजार 912 और 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के 33 लाख 49 हजार 476 नागरिकों को कोरोना से बचाव का पहला टीका लगाया जा चुका है। वहीं 2 लाख 42 हजार 188 स्वास्थ्य कर्मियों, 2 लाख 17 हजार 891 फ्रंटलाइन वर्कर्स, 45 वर्ष से अधिक के 13 लाख 86 हजार 329 तथा 18 से 44 आयु वर्ग के 89 हजार 619 लोगों को दोनों टीके लगाए जा चुके हैं। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में टीकाकरण नहीं हुआ। आज से टीकाकरण फिर से शुरू हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ