नहाने गए थे 3 बच्चे चनान नदी में दौड़ते हुए कूदे और गहरे पानी में फंसे, मरने वालों में दो सगे भाई, तीसरे बच्चे का 3 घंटे बाद मिला शव


बलरामपुर
: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में बुधवार को नदी में डूबने से दो सगे भाइयों सहित 3 बच्चों की मौत हो गई। तीनों बच्चे एक साथ चनान नदी में नहाने के लिए गए थे। सूचना मिलने पर आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंच गई है। पहले दोनों सगे भाइयों के शव बरामद हुए। इसके तीन घंटे बाद तीसरे बच्चे का भी शव बरामद हो गया है। इसके बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। हादसा कोतवाली क्षेत्र में हुआ है।


जानकारी के मुताबिक, शहर से करीब 10 किमी दूर नवडीह गांव निवासी सगे भाई दिनेश (10) व प्रियांशु (7) वहीं पास में रहने वाले अपने एक दोस्त रंजीत (7) के साथ बुधवार सुबह करीब 11 बजे परिजनों को बिना बताए घर से कुछ दूर बह रही चनान नदी में नहाने के लिए गए थे। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे दौड़ते हुए गए और नदी में कूद पड़े। इसके बाद वे गहरे पानी में फंस गए थे। जानकारी पर परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।



करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद बरामद हो सके शव

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों को भी बुला लिया गया। इसके बाद बच्चों की तलाश शुरू हुई। करीब एक घंटे बाद दोनों भाइयों दिनेश और प्रियांशु के शव मिल गए, लेकिन तीसरे बच्चे रंजीत का पता नहीं चल रहा था। काफी कोशिशों के बाद गोताखोर दोपहर करीब 2 बजे घटना स्थल से दूर उसका शव बरामद कर सके। हालांकि अभी यह पता नहीं चल सका है कि बच्चों के डूबने के बारे में परिजनों को कैसे जानकारी हुई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ